बड़वानी के स्नेह नगर में पेयजल में मिला सीवरेज का पानी, घरों में पहुंचा दूषित पानी, रहवासियों में आक्रोश,
नल जल योजना में गड़बड़ी, घरों तक पहुंचा दूषित पानी, सीवरेज कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का आरोप

जनोदय पंच | बड़वानी; बड़वानी के स्नेह नगर क्षेत्र में सोमवार रात नल जल योजना के तहत घरों में सप्लाई हो रहे पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिल गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई घरों में बदबूदार पानी पहुंचने से रहवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
बड़वानी शहर के स्नेह नगर क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे नल जल योजना के तहत घरों में आने वाले पानी में सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी मिल गया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और कई घरों तक दूषित पानी पहुंच गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि सीवरेज कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्य के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसी कारण सीवरेज का पानी पेयजल लाइन में मिल गया और घरों में बदबूदार पानी आने लगा। लोगों के अनुसार, यह स्थिति कंपनी की लापरवाही के कारण बनी है।

मौके पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष
नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद राकेश सिंह जाधव ने सूचना मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सीवरेज कंपनी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में कार्य कर रही थी और इसी दौरान पानी की मुख्य लाइन टूट गई या उसे सीवरेज लाइन से जोड़ दिया गया। जाधव ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और प्रशासन पर ध्यान न देने का आरोप लगाया।
वाटरमैन की सतर्कता से रोकी गई सप्लाई
राकेश सिंह जाधव के अनुसार, अधिकारियों से बातचीत के दौरान केवल आश्वासन ही मिल रहा है, जबकि सीवरेज कंपनी के जिम्मेदार संपर्क में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि समय रहते वाटरमैन ने सतर्कता दिखाते हुए पानी की सप्लाई बंद कर दी, जिससे अधिक घरों तक दूषित पानी नहीं पहुंच सका। इसके बावजूद लगभग 8 से 10 घर इस समस्या से प्रभावित हुए हैं।
रहवासियों ने बताई समस्या की गंभीरता
स्नेह नगर निवासी ममता ने बताया कि खुदाई के कारण पाइपलाइन फूट गई, जिससे गंदा और बदबूदार पानी आने लगा। उन्होंने कहा कि पानी की स्थिति ऐसी है कि उसका उपयोग करना तो दूर, उसके पास खड़ा रहना भी मुश्किल है। वहीं कंचन डाबी ने बताया कि तीन दिन बाद पानी आने की बारी थी, लेकिन इस बार बदबूदार पानी मिलने से समस्या और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि पहले पानी भर लिया गया, लेकिन बदबू आने पर पता चला कि यह सीवरेज का पानी है।
स्थायी समाधान और कार्रवाई की मांग
प्रभावित रहवासी अब वैकल्पिक व्यवस्था से पानी लाने को मजबूर हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द साफ पानी की आपूर्ति बहाल करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राकेश जाधव ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते स्थिति नहीं सुधारी गई, तो यह मामला बड़े हादसे का रूप ले सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।



