अपराध रोकना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत करे काम- एसपी श्री शुक्ल
नवागत पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने ली जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं राजपत्रित अधिकारियों की क्राइम मीटिंग

रमन बोरखड़े। बड़वानी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में बुधवार को नवागत पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी श्री शुक्ल ने जिले में किसी भी प्रकार के अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध रोकना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का सहयोग ले-
आगामी त्योहार गणगौर, ईद एवं रामनवमी को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को सक्रिय करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, मुख्य मार्गों एवं तिराहों पर विशेष निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रभावी रात्रि गश्त करने तथा आमजन से सतत संवाद बनाए रखने के लिए कहा गया।

फरार स्थायी वारंटी एवं इनामी बदमाशों की थाना स्तर पर समीक्षा कर उनकी गिरफ्तारी हेतु सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश कर उनकी शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारियों को यह निर्देश दिए-
थाना प्रभारियों को लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान, खत्मा खर्जी, शिकायतों एवं महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए। लंबित मर्ग एवं माल के निराकरण हेतु भी सख्त निर्देश दिए गए। एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट को मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से भेजने तथा प्राप्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गैर-परंपरागत गतिविधियों को तत्काल रोकने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अवैध शराब, सट्टा, जुआ, अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाए-
ऑपरेशन पवित्र के तहत आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने, अधिक से अधिक बदमाशों को बाउंड ओवर करने तथा गंभीर अपराधियों की जमानत नस्तीकरण की कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त वाहन चेकिंग में सख्ती लाने, अवैध हथियारों की रोकथाम, अवैध गोवंश परिवहन पर कार्रवाई तथा स्थायी व फरार वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हित ब्लैक स्पॉटों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत बनाने तथा साइबर अपराध एवं महिला अपराध के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को इन अपराधों से बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री दिनेश सिंह चौहान, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



