बड़वानी में “यातायात जागरूकता माह” का समापन, विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चला अभियान, संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों और अनीता चोयल को प्रशस्ति पत्र प्रदान

जनोदय पंच। जनवरी 2026 में बड़वानी जिले में “यातायात जागरूकता माह” मनाया गया। अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम हुए। संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। 24 फरवरी को उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया।
अभियान का उद्देश्य और क्रियान्वयन
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा माह जनवरी 2026 को जिले भर में “यातायात जागरूकता माह” के रूप में मनाया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यातायात थाना प्रभारी विनोद बघेल के नेतृत्व में आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने एवं शराब पीकर वाहन न चलाने संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

जिलेभर में विविध कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, रैलियाँ, शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा स्कूल व कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों एवं नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करते हुए पंपलेट एवं जानकारी पत्रक वितरित किए गए। इस अभियान में संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया।

सम्मान समारोह का आयोजन
उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता में विशेष योगदान देने वाले विद्यार्थियों को 24.02.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमंत्रित किया गया। यहां प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह पुलिस विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें महिला डेस्क की काउंसलर अनीता चोयल को भी उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात जागरूकता अभियान केवल एक माह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर सुरक्षित ड्राइविंग आदतों को अपनाने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी प्रेरित कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करें।



