ग्राम शेगांव में पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस चौपाल आयोजित कर आमजन से किया जनसंवाद
समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं पुलिस-जन सहयोग पर दिया विशेष जोर

बड़वानी; समाज के सभी वर्गों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने एवं न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस बड़वानी द्वारा चौपाल के माध्यम से सतत जनसंवाद किया जा रहा है। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों एवं वंचित वर्गों को कानूनी जानकारी प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 24.03.2026 की सायंकाल थाना बड़वानी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेगांव में पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्राम के आमजन से सीधा जनसंवाद स्थापित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एवं हर संभव प्रयास किए जाने का आश्वासन प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा इस अवसर पर बताया गया कि पुलिस आपके मित्र की तरह है और आपकी हर समस्या का समाधान करने हेतु हर संभव प्रयास करेगी। साथ ही साइबर अपराध से संबंधित फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट एवं किसी भी प्रकार के प्रलोभन के झांसे में न आने के संबंध में विस्तार से बताया गया। महिलाओं, बच्चों व बुजुर्ग से संबंधी अपराधों के बार में भी जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सहयोग से ही कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया गया। जनसुरक्षा के कार्यों में अपेक्षित सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर पुलिस चौपाल आयोजित कर इस प्रकार का जनसंवाद निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके एवं पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को समाज में शांति, सौहार्द एवं सहयोग की भावना बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया तथा यह संदेश दिया गया कि पुलिस एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति के संयुक्त प्रयासों से ही समाज के समग्र विकास एवं उत्थान की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
पुलिस चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री दिनेश सिंह चौहान, डीएसपी महिला सुरक्षा श्री महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल एवं थाना कोतवाली बड़वानी के थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन सहित अन्य अधिकारीगण व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



