खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

महाशिवरात्रि पर नगर में लगेगा दस दिवसीय प्राचीन शिवरात्रि मेला झूले लगाने के लिए फिटनेस टेस्ट रिपोर्ट व बीमा अनिवार्य

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर पालिका द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष भी नगर में दस दिवसीय शिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला नगर के किले के अंदर स्थित कृषि मंडी प्रांगण में आयोजित होगा। नगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस संबंध में अनुमति हेतु एसडीएम आशीष को पत्र प्रेषित किया गया है। उल्लेखनीय है कि यह मेला अति प्राचीन है, जिसकी आस्था देवझिरी स्थित शिव मंदिर से जुड़ी हुई है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक मेले में पहुंचते हैं।

फिटनेस सर्टिफिकेट और बीमा होगा अनिवार्य

प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी ने बताया कि मेले में झूले पर हो रही दुर्घटना को देखते हुए मेले में लगने वाले सभी झूलों के लिए झूला मालिक को शासकीय विभाग से जारी फिटनेस टेस्ट सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही झूले का बीमा कराना भी जरूरी होगा, जिसमें झूले पर झूलने वाले व्यक्ति एवं झूले की चपेट में आने वाले किसी भी व्यक्ति का बीमा शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो झूला संचालक इन दोनों शर्तों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें मेला परिसर में झूला लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मेला समिति का होगा गठन

सीएमओ विशाल जोशी ने यह भी बताया कि मेले के सुचारू संचालन के लिए नगर पालिका द्वारा मेला समिति का गठन किया जाएगा, जो व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

14 फरवरी को होगा मेले का उद्घाटन

नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि नगर के नागरिकों के मनोरंजन एवं भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मेला दस दिवसीय रहेगा और 14 फरवरी को विधिवत उद्घाटन किया जाएगा । मेले में दुकानदारों के लिए नक्शा बनाने के निर्देश दे दिए गए है । आवागमन हेतु व्यवस्थित मार्ग चौड़े रखने के निर्देश भी दिए गए हैं । सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम मेले की सुरक्षा को लेकर नगर पालिका द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस बल एवं पर्याप्त पुलिस व्यवस्था के लिए जिला पुलिस अधीक्षक को भी पत्र लिखकर सहयोग मांगा गया है। नगर पालिका का उद्देश्य है कि श्रद्धालु और नागरिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आनंददायक वातावरण में शिवरात्रि मेले का आनंद ले सकें। मेले के आयोजन को लेकर प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी, सिटी मिशन मैनेजर अनसिंह बिलवाल, राम परसाई, प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, सचिन शर्मा, विवेक तिवारी ने मेले के संबंध में चर्चा की ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!