बड़वानी; कलेक्टर की अध्यक्षता में बैंकों की जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक संपन्न

बड़वानी; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी के सभागार में बैंकों की जिला स्तरीय सलाहकार समिति एवं जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उदारता एवं लगन के साथ शासकीय प्रायोजित योजनाओं में हितग्राहियों को ऋण प्रदान करें, ताकि वे स्वयं का व्यापार-व्यवसाय शुरू कर शासन की योजनाओं की सार्थकता सिद्ध कर सकें।
उन्होंने कहा कि ऋण प्रकरणों के निराकरण में कोई समस्या हो तो विभागीय समन्वय अधिकारी से संपर्क करें। कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष की वार्षिक साख योजना की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए संतोष व्यक्त किया और शेष लक्ष्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन एवं डेयरी ऋण, पीएम स्वनिधि, महिला स्वसहायता समूह ऋण, उद्यम क्रांति, पीएम विश्वकर्मा, पीएमएफएमई, पशुपालन ऋण से जुड़ी योजनाओं में बैंकों द्वारा वितरित ऋण की विस्तृत समीक्षा भी की।
संभाव्यतायुक्त ऋण योजना पुस्तिका 2026-27 का विमोचन
बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, डीडीएम नाबार्ड, एलडीओ आरबीआई एवं एलडीएम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संभाव्यतायुक्त ऋण योजना योजना पुस्तिका का विमोचन किया।
इस दौरान नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं एवं नीतियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक मे संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनाश, भारतीय रिज़र्व बैंक से प्रबन्धक श्री विनय मोरे, डीडीएम नाबार्ड श्री नवीन श्रीवास्तव, महाप्रबंधक उद्योग विभाग श्री कैलाश माल, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संदीप कुमार अग्रवाल एवं बैंकों के शाखा प्रबंधक मौजूद थे।



