वरला: हत्या का फरार आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, महाराष्ट्र से दबोचा, साइबर ट्रैकिंग से मिली सफलता, हत्या आरोपी जेल भेजा
बलवाड़ी में हुए हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपी को महाराष्ट्र से पकड़कर न्यायालय में पेश किया

जनोदय पंच। वरला थाना पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी को 24 घंटे के भीतर महाराष्ट्र के चोपड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी ने विवाद के चलते ईंट-पत्थरों से हमला कर हत्या की थी। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
विवाद के चलते हुआ प्राणघातक हमला
वरला। दिनांक 19.03.2026 को फरियादी वेद पिता निलेश भावसार निवासी ग्राम बलवाड़ी ने थाना वरला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी मनोज पिता शिवराम बिरारे द्वारा उसके पिता के संबंध में संदेह के चलते आए दिन विवाद और गाली-गलौज की जाती थी। घटना के दिन सायं लगभग 07:30 बजे जब निलेश भावसार अपने घर से दुकान जाने के लिए पैदल निकले, तभी आरोपी मनोज मोटरसायकल से आया और उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने पास में पड़ी ईंट और पत्थरों से सिर एवं मुंह पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तत्काल शासकीय अस्पताल वरला पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना वरला में अपराध क्रमांक 59/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
24 घंटे में महाराष्ट्र से आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वरला नारायण रावल ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन प्राप्त की गई। इसके आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के चोपड़ा (पथराडा क्षेत्र) में दबिश देकर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल दाखिल किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला नारायण रावल, उनि कृष्णा मंडलोई, सउनि धनेश्वर पाटील, एएसआई संजय पाटीदार, प्रधान आरक्षक 428 दीपक, प्रधान आरक्षक योगेश पाटिल (साइबर सेल), आरक्षक 150 राजवीर एवं आरक्षक 622 राधेश्याम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



