राजपुर में बिजली कनेक्शन की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, राजपुर: 25-30 परिवार अंधेरे में, बिजली सुविधा के लिए उठी आवाज
तहसीलदार गणपत सिंह डावर और विद्युत विभाग को सौंपा गया ज्ञापन, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, जंगली जानवरों के खतरे से ग्रामीण परेशान

जनोदय पंच | राजपुर; राजपुर के ग्राम बागदर के ग्रामीणों ने घरेलू बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। करीब 25-30 परिवार अब भी अंधेरे में रह रहे हैं। मंशाराम पचौलै के नेतृत्व में प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द समाधान की मांग की गई।
राजपुर क्षेत्र के ग्राम बागदर (सत्सरिया फलिया) के ग्रामीणों ने घरेलू बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के वर्षों बाद भी कई परिवारों को बिजली सुविधा नहीं मिल पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुछ स्थानों तक बिजली लाइन पहुंच चुकी है, लेकिन करीब 25 से 30 परिवार अब भी अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है।
अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष मंशाराम पचौलै के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार गणपत सिंह डावर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही कनिष्ठ यंत्री, विद्युत मंडल दीपेंद्र माली को भी ज्ञापन देकर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की अपील की गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान अंगास सिसोदिया, अनार सिंह सिसोदिया, पूनम चंद, जबर सिंह, दिलीप जग्गू, शोभाराम सिसोदिया सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।



