खरगोन: नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार को लेकर हिंसक झड़प, 10 घायल, 19 नामजद पर केस
मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में निजी भूमि पर अंतिम संस्कार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने दर्ज की क्रॉस एफआईआर।

खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सुलगांव में नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव की घटना में पुलिस जवान सहित 10 लोग घायल हुए। पुलिस ने 19 नामजद सहित अन्य पर प्रकरण दर्ज किया है।
निजी भूमि पर अंतिम संस्कार को लेकर विवाद
खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदा तट स्थित सुलगांव में सोमवार को अंतिम संस्कार स्थल को लेकर विवाद हो गया। गांव निवासी 90 वर्षीय गंगाबाई पाटीदार के निधन के बाद पाटीदार समाज के लोग उनका अंतिम संस्कार करने नर्मदा से लगभग 200 मीटर दूर वासुदेव पाटीदार की निजी भूमि पर पहुंचे। समाज का कहना था कि मुख्य श्मशान तक जाने वाला रास्ता अत्यंत खराब है, इसलिए वासुदेव पाटीदार ने अपनी निजी जमीन अंतिम संस्कार के लिए दी थी।
ग्रामीणों की आपत्ति के बाद बढ़ा तनाव
सोमवार सुबह करीब 9 बजे मुखाग्नि की तैयारी के दौरान पास के रहवासी क्षेत्र में रहने वाले कहार, मानकर और अन्य समुदाय के कुछ लोगों ने वहां शवदाह किए जाने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि घरों के पास चिता जलने से निकलने वाला धुआं लोगों को परेशानी देगा और बच्चों में भय का माहौल बनेगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
गाली-गलौज के बाद पथराव
एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन मामला जल्द ही गाली-गलौज और फिर उग्र पथराव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उपद्रवियों ने घरों की छतों और गलियों से अंतिम संस्कार में शामिल लोगों और मौके पर मौजूद पुलिस बल पर पत्थर फेंके। अफरा-तफरी के बीच शव घटनास्थल पर ही रखा रहा।
10 लोग घायल, पुलिस बल तैनात
हिंसक झड़प में एक पुलिस जवान और ग्राम चौकीदार श्रवण सहित कुल 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही महेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी, महेश्वर सब-इंस्पेक्टर रविन्द्र जामले और कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन के साथ मौके पर पहुंचीं। हालात काबू में करने के लिए तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। कड़े पुलिस पहरे के बीच विवादित स्थल पर अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
क्रॉस एफआईआर, गांव में शांति
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। सोमवार शाम को दोनों पक्षों के 19 से अधिक नामजद लोगों और लगभग 25 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति समिति की बैठक भी आयोजित की गई।



