बड़वानी में जल संरक्षण बना जन-आंदोलन जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर ने सेमली और बोकराटा में किया श्रमदान, नवीन निर्माणाधीन तालाबों का किया कलेक्टर ने किया निरीक्षण

जनोदय पंच। बड़वानी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेशभर में जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है। भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में जल स्रोतों के पुनरुद्धार हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने बुधवार को पाटी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर जल संरक्षण कार्यों में सहभागिता की और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
जनभागीदारी से बोरी बंधान – सेमली और बोकराटा
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पाटी विकासखंड के ग्राम सेमली पहुँचकर स्थानीय सरपंच, ग्राम पटेल और ग्रामीणों के साथ मिलकर बोरी बंधान का कार्य किया। उन्होंने स्वयं श्रमदान कर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों के माध्यम से छोटे-छोटे अवरोध बनाकर वर्षा जल को सहेजना और भू-जल स्तर को बढ़ाना है। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम बोकराटा में भी चल रहे बोरी बंधान कार्यों का जायजा लिया और श्रमदान कर ग्रामीणों को जल सहेजने का संदेश दिया।

नवीन तालाबों का निरीक्षण – चारपटिया एवं सावरियापानी
कलेक्टर ने जनपद पाटी के ग्राम चारपाटिया एवं सावरियापानी का भी भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने निर्माणाधीन नवीन तालाबों की प्रगति और कार्य की गुणवत्ता का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि समस्त निर्माण कार्य मानसूनी वर्षा से पूर्व समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में जल संग्रहण का अधिकतम लाभ मिल सके।

जल सुरक्षा की ओर बढ़ते कदम
कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है। तालाबों और बोरी बंधान के माध्यम से एकत्रित पानी न केवल सिंचाई में सहायक होगा, बल्कि इससे क्षेत्र के कुओं और हैंडपंपों का जल स्तर भी बना रहेगा।



