पानसेमल में डायल-112 की तत्परता से महिला की जान बचाई

पानसेमल थाना क्षेत्र में डायल-112 (FRV) एवं पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक महिला की जान बचाई गई।
खड़की रोड स्थित एक कुएं में गिरी महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार, डायल-112 FRV वाहन में ड्यूटी पर तैनात पायलट संदीप पाटिल एवं प्रधान आरक्षक दिलीप वसावे को भरत राजपूत द्वारा सूचना दी गई कि एक महिला कुएं में रस्सी के सहारे फंसी हुई है। सूचना मिलते ही FRV टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पानसेमल श्री मंशाराम वगेन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। मौके पर FRV स्टाफ संदीप पाटिल, प्रधान आरक्षक दिलीप वसावे, आरक्षक ज्ञानसिंह तरोले, आरक्षक नवीन अटोदे, आरक्षक संजय डावर एवं सहयोगी दिनेश बाविसकर ने ग्रामीणों के सहयोग से सूझबूझ का परिचय देते हुए खटिया में रस्सी बांधकर महिला का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के पश्चात महिला को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। महिला ग्राम गोंगवाड़ा निवासी बताई जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति सुरक्षित है एवं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी श्री मंशाराम वगेन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में आमजन की सुरक्षा हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डायल-112 FRV वाहनों को आधुनिक उपकरणों जैसे रस्सी, कटर, स्ट्रेचर आदि से सुसज्जित किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान की जा सके।
बड़वानी पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।



