बड़वानी: पुलिस प्रीमियर लीग में महिला सशक्तिकरण, शीला सोलंकी टीम की जीत
पुलिस प्रीमियर लीग 2026 में महिला सहभागिता, खेल के जरिए बढ़ी सामाजिक समरसता

जनोदय पंच, बड़वानी; बड़वानी में पुलिस प्रीमियर लीग 2026 के तहत महिला क्रिकेट मैच आयोजित हुआ। शीला सोलंकी की टीम ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। आरती अहिरवार मैन ऑफ द मैच रहीं। आयोजन में महिला सहभागिता और खेल भावना को बढ़ावा मिला, कई अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पुलिस बड़वानी द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने तथा युवाओं व महिलाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में “पुलिस प्रीमियर लीग 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन “उत्साह नया दृ खेलें युवा 2026” थीम पर आधारित है, जो खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित कर रहा है।

महिला क्रिकेट मैच में रोमांचक मुकाबला
10 अप्रैल 2026 को महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंस्पेक्टर सुनीता मंडलोई और सब इंस्पेक्टर शीला सोलंकी की टीमों के बीच मैत्री महिला क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबला प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसमें उप निरीक्षक शीला सोलंकी की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की। एनएसएस पीजी कॉलेज बड़वानी की छात्रा आरती अहिरवार ने 29 रन बनाकर “मैन ऑफ द मैच” का खिताब हासिल किया।

पुरुष वर्ग के मुकाबलों के परिणाम
आयोजन के अंतर्गत पुरुष वर्ग में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पहला मैच पाटी और वरला टीम के बीच खेला गया, जिसमें वरला टीम विजयी रही। वहीं दूसरा मुकाबला कोतवाली बड़वानी और सेंधवा ग्रामीण टीम के बीच हुआ, जिसमें सेंधवा ग्रामीण टीम ने जीत दर्ज की।
महिला सहभागिता और उत्साहपूर्ण माहौल
आयोजन में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस छात्राएं, गृहणियां, पुलिस विभाग की महिला अधिकारी और कर्मचारी सहित अन्य विभागों की महिला प्रतिभागियों ने सहभागिता की। सभी ने उत्साह, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन में सकारात्मक वातावरण बना।
अधिकारियों की मौजूदगी
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि “पुलिस प्रीमियर लीग 2026” में महिला सहभागिता को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे विभिन्न वर्गों की महिलाओं को मंच मिल सके। मैच का शुभारंभ जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी काजल जावला ने किया। इस दौरान काजल जावला, धीरज बब्बर, चेतन बघेल, ओम प्रकाश चौंगड़े, बलजीत सिंह बिसेन, नारायण रावल, सुनीता मंडलोई, रामदास यादव सहित मीडियाकर्मी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



