मुख्य खबरेवर्ल्ड

अमेरिका-इजराइल हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत की पुष्टि, परिवार के चार सदस्य भी मारे गए, ईरानी सेना ने ‘सबसे खतरनाक’ अभियान की घोषणा की

तेहरान समेत कई शहरों पर हमले के बाद ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक; पलटवार की चेतावनी से बढ़ा तनाव

अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि ईरानी मीडिया ने की है। हमले में उनके परिवार के चार सदस्य भी मारे गए। ईरान ने 40 दिन का शोक घोषित कर खतरनाक सैन्य अभियान की चेतावनी दी है।


अमेरिका और इजराइल द्वारा शनिवार को किए गए हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि ईरानी मीडिया तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने की है। हमलों में खामेनेई के साथ उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती के भी मारे जाने की खबर सामने आई है।

सरकार की ओर से देश में 40 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है, जबकि सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की भी घोषणा की गई है। राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हुए हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को और गहरा कर दिया है।

ईरानी इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बयान जारी कर गहरा दुख व्यक्त किया है। फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, संगठन ने कहा कि देश ने एक महान नेता खो दिया है और पूरा राष्ट्र शोक में डूबा है।

इसी बीच ईरानी सेना ने एक ‘खतरनाक अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। सेना का कहना है कि यह अभियान जल्द शुरू होगा और इसमें कब्जे वाले क्षेत्रों तथा अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। इस बयान के बाद क्षेत्र में सुरक्षा हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।

इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर खामेनेई की मौत का दावा किया था। उन्होंने इसे न्याय बताया और कहा कि यह ईरान की जनता, अमेरिका तथा दुनियाभर के देशों के लिए महत्वपूर्ण घटना है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को इजराइल और अमेरिका ने तेहरान सहित कई स्थानों पर हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार किया। घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!