मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

बड़वानी: तांत्रिक बनकर दोस्ती की, 4 लाख ठगे, फिर इस्लाम अपनाने का दबाव और जान से मारने की धमकी

पाटी नाका क्षेत्र में युवक से नकद व ऑनलाइन पैसे लिए, कोतवाली पुलिस ने आरोपी आसिफ शेख को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया।

जनोदय पंच। बड़वानी के पाटी नाका क्षेत्र में एक युवक से काले जादू और “धन-वर्षा” कराने का झांसा देकर करीब 4 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर पैसे लिए, फिर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और इंकार पर मां को जान से मारने की धमकी दी।


जून 2025 में पान दुकान पर हुई पहचान

कोतवाली पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान जून 2025 के दौरान पाटी नाका क्षेत्र की एक पान दुकान पर आसिफ शेख से हुई थी। आरोपी धीरे-धीरे दोस्त बन गया और खुद को तांत्रिक क्रियाओं में माहिर बताते हुए काले जादू से घर में धन-वर्षा कराने तथा जीवन की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाने लगा।

पीड़ित के अनुसार आरोपी की बातों में आकर उसने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 4 लाख रुपए दिए। आरोपी ने दिल्ली के एक कथित हजरत का हवाला देकर भी अलग-अलग बहानों से पैसे लिए। इस दौरान आरोपी ने रहने-खाने की व्यवस्था भी पीड़ित से करवाई।


कपड़े में बांधकर वस्तुएं रखने, नर्मदा में बहाने के निर्देश

शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर कुछ वस्तुएं कपड़े में बांधकर घर में रखने के निर्देश दिए और बाद में उन्हें नर्मदा नदी में बहाने को कहा। इसके साथ ही दिल्ली से आए कुछ कथित कागजात भी नदी किनारे जलवाए गए। आरोपी ने इन सभी गतिविधियों को विशेष साधना का हिस्सा बताया।


धन-वर्षा में बाधा बताकर मां को नुकसान पहुंचाने की बात

शिकायत के अनुसार कुछ समय बाद आरोपी ने यह कहकर डराना शुरू किया कि धन-वर्षा में बाधा आ रही है। इसी बहाने आरोपी ने पीड़ित की मां को नुकसान पहुंचाने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी शराब व सिगरेट के जरिए भी उससे मिलता रहा और उसे अपने प्रभाव में रखता रहा।


इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव, व्हाट्सएप पर आयतें भेजीं

पीड़ित ने बताया कि बाद में आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी व्हाट्सएप पर धार्मिक आयतों की तस्वीरें भेजकर तड़के सुबह उन्हें पढ़ने का दबाव बनाता था। कई बार मौखिक रूप से भी धर्म परिवर्तन के लिए कहा गया।


रुपए मांगने पर धमकियां, मां को जान से मारने की बात

जब पीड़ित ने धर्म परिवर्तन से इंकार किया तो आरोपी ने उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी और लगातार डराने-धमकाने लगा। हाल ही में आरोपी ने फिर से धर्म परिवर्तन की बात कही। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की। वहीं जब पीड़ित ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने धमकियां दीं। इसके बाद पीड़ित अपने परिचितों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।


प्रकरण दर्ज, आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

कोतवाली टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी आसिफ शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तांत्रिक झांसे, आर्थिक लेन-देन, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्य और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है, जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!