इंदौर: विश्व जल दिवस पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, रैली और अहिल्या वन में 51 फलदार पौधों का रोपण
प्रबोधन कार्यक्रम के बाद निकली रैली, बच्चों और बड़ों ने लगाए पर्यावरण संरक्षण के नारे

इंदौर में विश्व जल दिवस पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कान्हा परिसर में प्रबोधन, रैली और पौधारोपण के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि जिला द्वारिका, पुरोहित योग शिक्षा एवं युवा कल्याण समिति तथा द्वारका जिले के ज्योतिबा फुले नगर के सहयोग से 22 मार्च, जल दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम संपन्न हुआ। कान्हा परिसर में प्रबोधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात स्कीम नंबर 51 में पर्यावरण रैली निकाली गई। रैली में शामिल बच्चों और बड़ों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नारे लगाए। रैली के माध्यम से लोगों को जल और पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

पौधारोपण और सहभागिता
अहिल्या वन में 51 पौधों का पौधारोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल सदस्यों को खाकरे के साथ अल्पाहार दिया गया। वहीं कुल्हड़ में पेय पदार्थ वितरित किए गए।


कार्यक्रम के दौरान कुसुम, खिरनी, करौंदा, अंजीर, शहतूत, जीवनतारा सहित अन्य फलदार पौधों के 51 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में 57 युवा, 22 बच्चे, 29 मातृशक्ति और 29 पुरुष सम्मिलित हुए। कुल सहभागियों की संख्या 108 रही। पौधारोपण में स्थानीय वृंदेश्वर महादेव मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा।









