मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

पानसेमल; जुनापानी-पिपरानी में 45 लाख के विकास कार्यों की सौगात, विधायक श्याम बरडे ने किया भूमिपूजन

जुनापानी में पुलिया और सापखड़की में सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीणों ने ढोल-मांदल के साथ किया स्वागत

जनोदय पंच। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत विधायक श्री श्याम बरडे ने पानसेमल मंडल की ग्राम पंचायत जुनापानी और पिपरानी में लगभग 45 लाख रुपए के कार्यों की सौगात दी। गोरीखेड़ा औसया फलीया में 20 लाख की पुलिया तथा सापखड़की में 25 लाख के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत जुनापानी के गोरीखेड़ा औसया फलीया से हुआ। यहां विधायक श्याम बरडे का ग्रामीणों ने ढोल-मांदल के साथ नाच-गान करते हुए स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सरपंच गंगाराम वसावे तथा सरपंच सरजन भाई ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पुलिया निर्माण का विधिवत भूमिपूजन किया।

महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए- विधायक

इसके पश्चात विधायक ग्राम पंचायत पिपरानी के ग्राम सापखड़की पहुंचे। यहां उन्होंने वीर शहीद टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। सरपंच पिंटू भाई तरौले, ग्रामवासियों एवं मातृशक्ति ने आत्मीय स्वागत किया। विधायक श्री श्याम बरडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। वीर टंट्या मामा ने समाज और देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद उनका प्रयास है कि विधानसभा के प्रत्येक गांव और ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की गंगा बहे तथा हर नागरिक और माता-बहनों के जीवन में खुशहाली आए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संचालित योजनाओं जैसे लाड़ली बहना योजना, लखपति दीदी योजना, किसान सम्मान निधि का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल भवन, अस्पताल भवन, पंचायत भवन एवं आजीविका से जुड़े कार्यों से जनता का जीवन स्तर ऊंचा करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

सामुदायिक भवन का भूमिपूजन

इसी अवसर पर ग्राम सापखड़की में टंट्या मामा स्मारक के समीप 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। इस पर विधायक ने प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कन्हैया जैन, राम सोनवाने, चेन सिंह गदरे, प्रकाश जोशी, इस्माइल आजाद, योगेश जैन, साहेबराव, बसंत भाई, सजन भाई, गंगाराम वसावे, पिंटू भाई तरौले, रविंद्र पाड़वी, शिमला भाई, कांतिलाल भाई, साइन सिंह भाई, दास भाई, नाना मोर, रंजीत बसावे, सानिया मोरे, साहिब शंकर, सुरमल भाई सहित बड़ी संख्या में नागरिक बंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!