बड़वानी में पुलिस प्रीमियर लीग से पुलिस-जन संवाद को नई दिशा, पुलिस प्रीमियर लीग 2026 से युवाओं को मिली सकारात्मक दिशा
पुलिस अधीक्षक की पहल पर पीपीएल से पुलिस-जन संवाद को मिला नया मंच, जिला अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ट्रॉफी का अनावरण, प्रतियोगिता शुरू

रमन बोरखड़े। बड़वानी। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल पर बड़वानी में पुलिस प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन शुरू हुआ। ट्रॉफी का अनावरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। आयोजन का उद्देश्य पुलिस-जन संवाद बढ़ाना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल पर पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 09-04-2026 को आयोजित कार्यक्रम में पीपीएल ट्रॉफी का अनावरण जिला अध्यक्ष अजय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल एवं केन्द्रीय जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी द्वारा पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की उपस्थिति में किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अति पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, सुबेदार, थाना प्रभारी कोतवाली बड़वानी बलजीत सिंह बिसेन, थाना प्रभारी ठीकरी नाथु सिंह रंधा, थाना प्रभारी वरला नारायण रावल, थाना प्रभारी पाटी रामदास यादव एवं कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

मैचों के साथ बढ़ा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन स्थल पर अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। 09-04-2026 को थाना ठीकरी वर्सेस पाटी, डीआरपी लाइन वर्सेस थाना वरला तथा जेल विभाग वर्सेस फॉरेस्ट विभाग के बीच मुकाबले खेले गए।
आपसी संवाद भी सुदृढ़ हुआ- यादव
भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि मैं हमारे पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देता हूँ। लंबे समय से पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार के खेल आयोजन नहीं हो रहे थे, जिससे आमजन को सीधे जुड़ने का अवसर मिले। पुलिस प्रीमियर लीग 2026 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता से जिले में एक सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ है। प्रत्येक थाने से टीमों की सहभागिता से पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है तथा आपसी संवाद भी सुदृढ़ हुआ है। यह पहल भविष्य में भी जारी रहनी चाहिए, जिससे आमजन को और अधिक लाभ मिल सके।”

पीपीएल का आयोजन एक अभिनव पहल
जेल अधीक्षक सुश्री शैफाली तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस परेड ग्राउंड बड़वानी में पुलिस अधीक्षक बड़वानी द्वारा पीपीएल का आयोजन एक अभिनव पहल है। जिसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। वर्तमान समय में युवाओं के सामने भटकाव एवं नशे जैसी चुनौतियाँ हैं। ऐसे में इस प्रकार के आयोजन उन्हें सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीम को एक उप निरीक्षक एवं एक सहायक उप निरीक्षक के नेतृत्व में तैयार किया गया है, जिससे युवाओं को एक अनुशासित वर्दीधारी नेतृत्व का मार्गदर्शन मिल रहा है। इससे पुलिस एवं आमजन के बीच की दूरी कम होगी, संकोच समाप्त होगा तथा पुलिस एक सकारात्मक प्रेरणा स्रोत के रूप में स्थापित होगी। यह पहल न केवल वर्तमान में बल्कि वर्षभर निरंतर चलनी चाहिए। जिससे पुलिस-जन संवाद और अधिक सशक्त हो सके।
एसपी बोले-पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद को सशक्त बनाना
“पुलिस प्रीमियर लीग का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद को सशक्त बनाना तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों के गठन से युवाओं को मार्गदर्शन प्राप्त होगा तथा पुलिस-जन के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय में वृद्धि होगी। आगे भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण का निर्माण हो सके।



