पानसेमल; विधायक बरडे ने पानसेमल-खेतिया क्षेत्र को 85 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी
विधायक बोले- पुलिया और डामर सड़क निर्माण के भूमि पूजन से तेज होगा क्षेत्रीय विकास, वर्षों पुरानी सड़क की मांग पूरी, ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन

जनोदय पंच। पानसेमल। विधायक श्री श्याम बरडे ने गुरूवार को पानसेमल एवं खेतिया क्षेत्र को 85 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी। खेतिया मंडल की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पुलिया और नवीन डामर सड़क निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
विधायक श्री बरडे ने पानसेमल एवं खेतिया क्षेत्र में 85 लाख की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खेतिया मंडल अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत जाहुर में नर्सरी के समीप 25 लाख की लागत से निर्मित होने वाली पुलिया का भूमि पूजन किया गया। इसके पश्चात ग्राम पंचायत निसरपुर (मेलन) से जामवागड़ा, महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नवीन डामर युक्त सड़क मार्ग, जिसकी लागत ₹65 लाख है, का भूमि पूजन किया गया।
ग्रामीणों का स्वागत और सहभागिता
निसरपुर पहुंचने पर विधायक श्री बरडे का ग्रामवासियों द्वारा ढोल-ताशों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मंच पर उपस्थित ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। यह सड़क मार्ग स्वतंत्रता काल से कच्चा और जर्जर अवस्था में था, जिसके पक्के निर्माण की मांग क्षेत्रवासी वर्षों से कर रहे थे। निर्माण कार्यों के भूमि पूजन के बाद क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण देखा गया।

आवागमन और कृषि को लाभ
इस अवसर पर विधायक श्री बरडे ने कहा कि सड़क निर्माण से खेतिया, मेलन, भड़गांव एवं आसपास के ग्रामों के नागरिकों को महाराष्ट्र के जामवागड़ा, जावदा, मंदाना होते हुए शहादा तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसान अपनी उपज को सरलता और शीघ्रता से मंडियों तक पहुंचा सकेंगे।

नई सड़कों के जाल से विकास के खुलेंगे
विधायक श्री श्याम बरडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि नई सड़कों के जाल से विकास के द्वार खुलते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों, श्रमिकों, माताओं-बहनों और गरीब वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांव, गरीब, मजदूर और किसान के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर श्री कौशिक बापू पटेल, श्री गोविंद जजोशी, श्री श्याम हरसोला, श्री सचिन चौहान, श्री राम सोनवने, श्री रामचंद्र जी सोनी, श्री चौन सिंह गदरे, श्री चंद्रकांत जी महाजन, श्री नंदकिशोर जी चोपड़ा, श्री प्रकाश जी जोशी, पंडित माली, श्री संजू जी भोसले, डॉ. दीपक भंवर, श्री जालम सिंह, श्री कृष्ण चौधरी, श्री घनश्याम भाई, श्री मानसिंह भाई, श्री अजमल भाई, श्री जगदीश भंडारी, श्री अजय निकुम, श्री देवा भाई नावडे सहित सरपंच, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।




