खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा में कुत्ते का तांडव, 12 लोग घायल; लाठी-डंडों से मार गिराया गया

मोरदड़ और चिखली गांवों में दोपहर के समय कुत्ते ने कई लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर काटा, गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सेंधवा ब्लॉक के मोरदड़ और चिखली गांवों में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक पागल कुत्ते ने लगातार लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। कुत्ते के हमले में कुल 12 लोग घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सबसे पहले कुत्ते ने मोरदड़ निवासी नीलेश आर्य पर हमला किया, जिसके बाद वह मुख्य मार्ग की ओर भागा और वहां मौजूद ग्रामीणों को दौड़ाकर काटता रहा। मोरदड़ गांव में 6 लोग घायल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीण बालकिशन आर्य ने बताया कि कुत्ता लगातार लोगों को निशाना बनाता रहा और उन्हें भगाने की कोशिश की गई, लेकिन वह खेतों की ओर भागते हुए चिखली गांव पहुंच गया। चिखली में उसने मालसिंग कानोजे को घायल कर दिया। इसके बाद दोनों गांवों के ग्रामीणों ने लाठियों और डंडों से कुत्ते को घेरकर मार गिराया। कुत्ते के मरने के बाद गांवों में कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन घटना ने लोगों में भय का माहौल बना दिया।

चिकित्सा व्यवस्था और घायलों की स्थिति

ड्यूटी डॉक्टर संजय धाकड़ ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन, हिमोग्लोबिन इंजेक्शन, टिटनेस और आवश्यक दवाएं दी गई हैं। इनमें से चार लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि तीन घायलों का इलाज सिविल अस्पताल सेंधवा में जारी है। कुत्ते के हमले से एक बुजुर्ग महिला का होंठ कट गया और दूसरी महिला की नाक की हड्डी टूट गई। घटना के बाद दोनों गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।

हमले में घायल हुए 12 ग्रामीण

घटना में घायल हुए लोगों में शामिल हैं:
नीलेश आर्य (17 वर्ष), सेकड़िया चौहान (90 वर्ष), डूडी बाई रावत (55 वर्ष), सौम्या बाई आर्य (27 वर्ष), जहादिया बाई आर्य (55 वर्ष), लोहारी बाई (60 वर्ष), मालसिंग कानोजे (55 वर्ष) चिखली निवासी, राजीराम पिता किशन (10 वर्ष) मोरदड़ निवासी, पूजा पिता कुनिया (8 वर्ष) मोरदड़ निवासी, राधा जीरबान (6 वर्ष) चिखली निवासी, दिवलाल पिता अरताश (7 वर्ष) चिखली निवासी, और अश्विनी पिता सुनील (9 वर्ष) चिखली निवासी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!