सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा: जनरेटर चोरी में 3 आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख का मशरूका जब्त

चाचरिया चौकी व सेधवा ग्रामीण पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर 3 आरोपियों को पकड़ा, अन्य साथियों की तलाश जारी

जनोदय पंच। सेंधवा। चौकी चाचरिया व थाना सेधवा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम चिथरई में नर्मदा उद्वहन सिंचाई परियोजना के कार्यस्थल से जनरेटर चोरी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जनरेटर के पुर्जे और चोरी में प्रयुक्त ट्रैक्टर सहित करीब 13 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया।


मामला दर्ज, 24 जनवरी को हुई थी चोरी

सेंधवा। दिनांक 24.01.2026 को फरियादी जयदीपसिंह सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम चिथरई में नर्मदा उद्वहन सिंचाई परियोजना के कार्यस्थल से उनकी कंपनी का जनरेटर अज्ञात चोरों द्वारा रात में चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर चौकी चाचरिया में अपराध क्रमांक 07/26 एवं थाना सेधवा ग्रामीण में असल अपराध क्रमांक 65/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विशेष टीम गठित, तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान

ग्रामीण क्षेत्र में नहर निर्माण स्थल से भारी मशीनरी चोरी होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर के निर्देशन में तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेधवा ग्रामीण ओ.पी. चौगड़े के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी चाचरिया सउनि केशव यादव एवं टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूल किया अपराध

पुलिस ने पारथीराम पिता करमसिंह नरगावे (उम्र 21 वर्ष), अनिल पिता गंगाराम जमरे (उम्र 20 वर्ष) तथा मितेष पिता रमेश निगवाल (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम रामकोला लोहारिया फलिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, किंतु वैज्ञानिक तरीके से की गई सघन पूछताछ में वे अपने बयानों में उलझ गए और अंततः अपराध स्वीकार कर लिया।

ट्रैक्टर से चोरी कर नाले के पास पुर्जे अलग किए

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर अनिल के ट्रैक्टर से जनरेटर चोरी कर उसे ग्राम रामकोला के सुनसान नाले के पास ले जाकर पाना-पेंचिस की सहायता से उसके पुर्जे अलग-अलग कर लिए तथा आपस में बांट लिए।

7 लाख के जनरेटर पुर्जे और 6 लाख का ट्रैक्टर जब्त

पुलिस ने जनरेटर का इंजन, आर्मेचर, रिएक्टर, बॉडी एवं चेचिस, मीटर, एयर फिल्टर, केबल वायर, मीटर स्टार्टर सहित कुल लगभग 7 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। साथ ही अपराध में प्रयुक्त ट्रैक्टर (कीमत लगभग 6 लाख रुपये) भी जब्त किया गया है। बताया गया कि चोरी गया कुल जनरेटर लगभग 9 लाख रुपये कीमत का था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश जारी है तथा जनरेटर के शेष पुर्जों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सेधवा ग्रामीण ओ.पी. चौगड़े, उनि संजीव पाटील, चौकी प्रभारी चाचरिया सउनि केशव यादव, सउनि राकेश मंडलोई, प्र.आर. योगेश पाटील (तकनीकी शाखा), प्र.आर. बबलु तलवारे, प्र.आर. नैनसिंह बर्मन, प्र.आर. रामकिशोर प्रजापति, आरक्षक पंकज पुरोहित, विकास मोरे, राहुल वास्केल एवं लोकेश मंडलोई की भूमिका सराहनीय रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!