सेंधवा में ‘नो पार्किंग’ पोस्टर लगा रहे 5 संदिग्ध पकड़े, घरों की फोटो खींचने पर बढ़ा संदेह
स्थानीय लोगों की सूचना पर देर रात भोजनालय से पकड़े गए, मामले की विस्तृत जांच की मांग

जनोदय पंच।सेंधवा में सोमवार को घरों के बाहर ‘नो पार्किंग’ के पोस्टर लगाने और तस्वीरें खींचने के दौरान चार युवक और एक युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ शुरू की। देर रात तीन को छोड़ा गया।
पोस्टर लगाने और फोटो खींचने पर बढ़ा संदेह
जानकारी के अनुसार चार युवक और एक युवती राम कटोरा नाले पार सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में घरों के बाहर ‘नो पार्किंग’ के पोस्टर लगा रहे थे तथा मकानों की तस्वीरें खींच रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और मौके से भाग निकले। जिस कंपनी के लिए काम करने का दावा किया गया, उसके संबंध में भी स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई।
नगर पालिका उपाध्यक्ष ने जांच की मांग की
नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने बताया कि संबंधित लोग बिना अनुमति पोस्टर लगा रहे थे और घरों की तस्वीरें ले रहे थे। लोगों द्वारा जानकारी मांगने पर वे जवाब नहीं दे सके और फरार हो गए। दिनभर तलाश के बाद देर रात एक भोजनालय पर उनकी जानकारी मिलने पर लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें पकड़कर थाने लाया गया। मोहन जोशी ने थाना प्रभारी से पोस्टर लगाने और तस्वीरें लेने के उद्देश्य की विस्तृत जांच की मांग की है, ताकि शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ
शहर थाना पुलिस के अनुसार पांच लोगों को थाने लाया गया था। देर रात एक युवती और दो युवकों को छोड़ दिया गया, जबकि दो युवक अभी थाने में हैं। मंगलवार को सभी को पुनः बुलाकर पूछताछ की जाएगी और मामले की आगे जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार अब तक उनके पास से कोई संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री प्राप्त नहीं हुई है।



