सेंधवा: संत नारायणदास त्रिवेणी धाम तिराहे का भूमि पूजन, नगर विकास को मिली नई दिशा
पुराने एबी रोड स्थित बारद्वारी फिल्टर प्लांट और इंदौर-बॉम्बे फोरलेन पहुंच मार्ग पर बने तिराहे को संत शिरोमणि नारायणदास महाराज के नाम से विकसित करने हेतु भूमि पूजन त्रिवेणी धाम के संत रामरीछपालदास महाराज के करकमलों से हुआ।

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर के पुराने एबी रोड स्थित बारद्वारी फिल्टर प्लांट एवं इंदौर-बॉम्बे फोरलेन पहुंच मार्ग पर निर्मित तिराहे को संत शिरोमणि नारायणदास महाराज के नाम से “संत नारायणदास त्रिवेणी धाम” के रूप में विकसित किए जाने हेतु शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन त्रिवेणी धाम के पूज्य संत शिरोमणि रामरीछपालदास महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताई विकास की दिशा
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सेंधवा की अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि नगर पालिका विकास और सांस्कृतिक पहचान, दोनों को साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेंधवा की पहचान केवल व्यापारिक या भौगोलिक नहीं, बल्कि धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं से भी जुड़ी है। संत परंपरा का सम्मान करना प्राथमिकता है और इसी भावना से तिराहे का नाम संत शिरोमणि नारायणदास महाराज के नाम पर किया गया है।
सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था भी होगी
बसंती बाई यादव ने कहा कि नगर में निरंतर आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों एवं मार्गों का उन्नयन भी किया जा रहा है। आगामी समय में इस तिराहे का व्यवस्थित सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं आकर्षक संरचना के साथ विकास किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र नगर की पहचान बने।
आशीर्वचन: धर्म और सेवा से जुड़ता है विकास
संत शिरोमणि रामरीछपालदास महाराज ने आशीर्वचन में कहा कि जब विकास कार्य धर्म और सेवा भावना से जुड़ते हैं, तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने नगरवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।
प्रस्ताव पहले दिया गया था
प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि संत नारायणदास हॉस्पिटल के संचालकगण द्वारा पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र सौंपकर पुराने एबी रोड से अस्पताल पहुंच मार्ग पर डिवाइडर निर्माण के पश्चात बने तिराहे को विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया था।
प्रस्ताव में समाजसेवी स्व. विष्णुप्रसाद यादव की स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा संत शिरोमणि नारायणदास महाराज के नाम से तिराहे का निर्माण कर उसे “संत श्री नारायणदास त्रिवेणी चौक” के रूप में स्थापित करने की मांग की गई थी।
नगर पालिका द्वारा इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और शुक्रवार को भूमि पूजन कर विकास कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, संत समाज, सामाजिक संगठनों एवं नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, छोटू चौधरी, प्रकाश निकुम, सचिन शर्मा, सुनील शर्मा, प्रखर शर्मा, वली शेख, कमल पाटिल, कालू सावले, लक्ष्मी शर्मा, ललिता शर्मा, राजेश जोशी, दिलीप एरन, बाबूलाल अग्रवाल, राकेश एरन, मुकेश अग्रवाल, प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी, संतोष वर्मा की उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी ने इसे धार्मिक आस्था के सम्मान एवं नगर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



