सेंधवा; “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत क्लस्टर शिविर आयोजित, डोर-टू-डोर सर्वे के आधार पर आवेदनों का निराकरण, हितग्राही लाभान्वित

जनोदय पंच। सेंधवा। प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित “संकल्प से समाधान” अभियान “नर सेवा ही नारायण सेवा” के तहत नगर पालिका परिषद सेंधवा द्वारा पुरानी नपा कार्यालय परिसर में क्लस्टर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 12 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक नगर पालिका द्वारा किए गए डोर-टू-डोर सर्वे के आधार पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
शिविर का उद्घाटन नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। “संकल्प से समाधान” अभियान के माध्यम से नगर पालिका द्वारा घर-घर जाकर सर्वे कर पात्र परिवारों की पहचान की गई है, जिससे अब किसी भी जरूरतमंद को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

सर्वे और त्वरित निराकरण की व्यवस्था
मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) मधु चौधरी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित अवधि में नगर के विभिन्न वार्डों में टीमों द्वारा व्यापक सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इन सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए क्लस्टर शिविर आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक ही स्थान पर उपस्थित किया गया, ताकि हितग्राहियों को मौके पर ही समाधान मिल सके।

जनसेवा का सशक्त माध्यम
पूर्व नपा उपाध्यक्ष व पार्षद छोटू चौधरी ने कहा कि शिविर के माध्यम से हर गरीब और जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। घर-घर सर्वे कर वास्तविक पात्रों की पहचान की गई है, जिससे कोई भी व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनसेवा का सशक्त माध्यम बन रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पार्षद प्रकाश निकुम, लता चौधरी, सचिन शर्मा, विधायक प्रतिनिधि प्रिंस शर्मा, तहसीलदार राहुल सोलंकी, उपयंत्री सचिन अलुने, विशाल जोशी, कैलाश बागुल, संतोष वर्मा, निलेश पालीवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सिटी मिशन मैनेजर अनसिंह बिलवाल ने किया। शिविर में आए हितग्राहियों ने मौके पर ही आवेदन जमा कर समाधान प्राप्त किया तथा नगर पालिका द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की।





