सेंधवा: शिवरात्रि मेले का गरिमामय शुभारंभ, अतिथियों ने किया मेले का निरीक्षण
10 दिवसीय शिवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ, अंतरसिंह आर्य, बसंती बाई यादव और एस. वीरा स्वामी ने किया उद्घाटन

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर में आयोजित 10 दिवसीय शिवरात्रि मेले का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन रिबन काटकर अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव तथा भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एस. वीरा स्वामी द्वारा किया गया।
अतिथियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने मेले परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं दुकानों की सुसंगत व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विकास कार्यों की जानकारी और घोषणाएं
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने कहा कि उनके अथक प्रयासों से सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु शासन द्वारा अनेक योजनाओं को स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी दिलाई गई है। साथ ही मंडी समिति के माध्यम से किले के अंदर स्थित जर्जर मार्ग के निर्माण हेतु 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

दशहरा मैदान में मेला स्थानांतरित करने का प्रयास
आर्य ने यह भी घोषणा की कि वर्तमान में जहां मेला आयोजित किया जा रहा है, उसे आगामी वर्ष से दशहरा मैदान में स्थानांतरित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक सुव्यवस्थित और व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा सके।
नगर पालिका ने सुविधाओं का भरोसा दिलाया
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि शिवरात्रि मेला नगर की आस्था और परंपरा का प्रतीक है। नगर पालिका द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

झूले, दुकानें और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेला समिति अध्यक्ष मोहन जोशी ने बताया कि इस वर्ष मेले में आकर्षक झूले, मनोरंजन के साधन एवं विभिन्न प्रकार की दुकानों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मेला समिति उपाध्यक्ष छोटू चौधरी ने बताया कि मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे मेले की रौनक और बढ़ेगी।
संचालन और आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी सीएमओ विशाल जोशी ने व्यक्त किया। मेले के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। नगर में शिवरात्रि मेले को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।



