सेंधवा के जूनापानी में तेंदुए का हमला, 5 लोग घायल

सेंधवा। क्षेत्र के ग्राम जूनापानी में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए वरला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में एक नहीं बल्कि दो तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार हमला करने वाला तेंदुआ असामान्य व्यवहार कर रहा था। हमला करने के बाद वह पेड़ पर चढ़ गया और वहां से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे वन विभाग ने जांच पड़ताल के बाद बताया की तेेंदुए की मौत हो गई है।

बताया जा रहा है कि तेंदुआ पानी की तलाश में गांव की ओर आया होगा। इसी दौरान उसने बकरी चरा रहे लोगों और बच्चों पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करने और गांव में पानी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि जंगली जानवरों का रुख आबादी की ओर न हो। वहीं विधायक घायलों से मिलने वरला अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं।



