सेंधवाखरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी: मोटरसाइकिल शो-रूम संचालकों की बैठक, हेलमेट और सुरक्षा नियमों पर जोर, पुलिस का सख्त निर्देश, बिना हेलमेट वाहन बिक्री पर रोक के निर्देश

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान, पानसेमल, यातायात बड़वानी और सेंधवा में बैठकों के जरिए सड़क सुरक्षा पर जोर

जनोदय पंच, बड़वानी; बड़वानी जिले में मोटरसाइकिल शो-रूम संचालकों की बैठक आयोजित कर हेलमेट अनिवार्यता, सीसीटीवी निगरानी और दस्तावेज सत्यापन के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में पानसेमल, बड़वानी और सेंधवा क्षेत्रों में बैठकों के जरिए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर जोर दिया गया।

यातायात जागरूकता और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल शो-रूम संचालकों की बैठक आयोजित की गई।


सेंधवा, पानसेमल और बड़वानी में बैठक

थाना पानसेमल में निरीक्षक मंशाराम वगेन और थाना यातायात बड़वानी में विनोद बघेल द्वारा शो-रूम संचालकों से चर्चा की गई। इन बैठकों में वाहन विक्रय प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और नियमबद्ध बनाने पर जोर दिया गया तथा शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठकों में निर्देशित किया गया कि बिना हेलमेट किसी भी ग्राहक को मोटरसाइकिल न दी जाए तथा प्रत्येक वाहन के साथ हेलमेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। ग्राहकों को हेलमेट उपयोग के लिए प्रेरित करने और शो-रूम परिसर में जागरूकता फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए गए।


सीसीटीवी और दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य

संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निगरानी सुनिश्चित करने, प्रत्येक ग्राहक के दस्तावेजों का सत्यापन करने और कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन विक्रय से पहले बीमा, रजिस्ट्रेशन सहित सभी दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए कहा गया।

सुरक्षित यातायात के लिए समन्वय पर जोर

बैठकों में शो-रूम संचालकों ने सुझाव साझा किए और पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की सहमति जताई। संचालकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए निर्देशित किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!