जोगवाड़ा क्षेत्र में विधायक श्रीबरडे का दौरा, समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, नई विद्युत डीपी का लोकार्पण किया ग्रामीणों से किया संवाद
ग्रामीणों की समस्याओं पर मौके पर निर्णय, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और सहायता

जनोदय पंच। सेंधवा। चाटली मंडल के जोगवाड़ा गांव में शुक्रवार को पानसेमल विधायक के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने समस्याएं रखीं, जिन पर तत्काल निर्देश दिए गए। क्षेत्र में नई बिजली डीपी का लोकार्पण किया गया तथा मार्ग में मिले एक जरूरतमंद व्यक्ति को नगद सहायता भी प्रदान की गई।
चाटली मंडल के जोगवाड़ा गांव में विधायक श्री श्याम बरडे के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। गांव में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने माल फलिया में बिजली और पानी की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा समस्याएं रखने पर विधायक श्याम बरडे ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित करते हुए शीघ्र समाधान करने को कहा और ग्रामीणों को आश्वस्त किया। मौके पर ही पहल कर समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई।
कार्यकर्ताओं के साथ भोजन कार्यक्रम
दौरे के दौरान माल फलिया में पार्टी कार्यकर्ता एवं बूथ अध्यक्ष कालीराम सैनानी के निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ सादगीपूर्ण भोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और सहभागिता देखने को मिली।

नई डीपी का लोकार्पण
जोगवाड़ा फलिया में विधायक निधि से निर्मित नवीन 24 घंटे बिजली की डीपी का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल पाटीदार, पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, वरिष्ठ नेता रमेश पाटीदार, अजहर मंसूरी सहित पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जरूरतमंद को सहायता
मुख्यालय लौटते समय रास्ते में एक स्थान पर एक गरीब व्यक्ति को देख विधायक श्याम बरडे रुके। उन्होंने व्यक्ति का हालचाल जाना और तत्काल 5000 रूपये की नगद सहायता प्रदान की।




