सेंधवा में जल सुरक्षा को लेकर नपा का जल सुनवाई शिविर, शिकायतों का मौके पर निराकरण
पुरानी नपा परिसर में आयोजित शिविर में जल संरक्षण और शुद्ध पेयजल पर दिया गया जोर

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर पालिका परिषद द्वारा मंगलवार को सुबह 11 बजे जल सुरक्षा, जल संरक्षण व जल सुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत पुरानी नपा परिसर में जल सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी जल संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे तथा पीने के पानी के सैंपल भी जांच के लिए प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान लाए गए कुछ पानी के सैंपलों की रैपिड टेस्टिंग किट के माध्यम से जांच की गई, वहीं कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर का अवलोकन एसडीएम आशीष ने किया। इस अवसर पर सीएमओ मधु चौधरी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि नगर में जल गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
उपयंत्री विशाल जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में सप्लाई किया जाने वाला पानी गोई नदी एवं नदी पर बने रेलावती बांध से फिल्टर प्लांट पर आने के बाद शुद्धिकरण प्रक्रिया से गुजरने के उपरांत वितरित किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी मार्ग में किसी भी प्रकार का दूषित पानी नहीं मिल रहा है और नदी के आसपास कोई कारखाना नहीं है, जिससे जल प्रदूषण की आशंका हो। उन्होंने बताया कि रेलावती बांध व नदी के पानी की समय-समय पर जांच कराई जाती है। इसके अतिरिक्त नगर के कुछ क्षेत्रों में ट्यूबलाइन से भी जल आपूर्ति की जाती है, जिनके सैंपल भी जांचे गए हैं। सभी जांचों में पानी पीने योग्य पाया गया है। जल सुनवाई शिविर के माध्यम से नागरिकों द्वारा लाए गए सैंपलों की जांच कर शिकायतों का निराकरण किया गया।

दूषित पानी से मौत के बाद सरकार सख्त
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के सेवन से हुई मौत की घटना के बाद राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस घटना के बाद प्रदेशभर में जल सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल सुनवाई कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से पेयजल स्रोतों की नियमित जांच, जल शुद्धिकरण संयंत्रों की स्थिति, पाइपलाइन नेटवर्क, टंकियों की सफाई तथा जल आपूर्ति की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

यह रहे मौजूद
शिविर में प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, सभापति छोटू चौधरी, प्रकाश निकुम, लक्ष्मी शर्मा, सचिन शर्मा, इकबाल शाह, कय्यूम शेख, शाकिर मंसूरी, सीएमओ मधु चौधरी, उपयंत्री विशाल जोशी, मोहन धामोने, राम परसाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी जल संबंधी समस्या या शंका की स्थिति में नपा से संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके और सभी को स्वच्छ, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।





