विश्व डायबिटीज दिवस पर जागरूकता वॉक: मार्निंग ग्रुप ने दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
“जितना चलेंगे, उतना स्वस्थ रहेंगे”: मार्निंग ग्रुप की सुबह की वॉक में नागरिक हुए शामिल

सेंधवा। विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह मार्निंग ग्रुप और शहर के स्वास्थ्य जागरूक नागरिकों द्वारा निवाली रोड पर जागरूकता वॉक का आयोजन किया गया। सुबह साढ़े 5 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मार्निंग वॉक के महत्व और मधुमेह से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य बढ़ती डायबिटीज की समस्या, इसके कारण, रोकथाम और नियमित व्यायाम की भूमिका को लेकर लोगों को जागरूक करना रहा।
मार्निंग ग्रुप के सुनील अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य संदेश था—जितना अधिक चलेंगे, उतना स्वस्थ रहेंगे। सदस्यों ने पैदल चलते हुए नागरिकों से नियमित व्यायाम, हेल्दी डाइट, समय पर शुगर टेस्ट और तनावमुक्त जीवन अपनाने की अपील की। समूह ने बताया कि मॉर्निंग वॉक से ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है और शरीर में इंसुलिन का स्तर संतुलित बना रहता है। इसी के साथ कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण में रहने में भी मदद मिलती है।
मार्निंग ग्रुप के अध्यक्ष प्रदीप नाईक ने “अपनी शुगर जांचें”, “रोज चले – डायबिटीज दूर रखें” और “स्वस्थ रहें, जागरूक बनें” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया। समूह के गिरधारी गोयल ने कहा कि मधुमेह तेजी से बढ़ती बीमारी है, लेकिन नियमित शारीरिक गतिविधि और संतुलित खान-पान से इसे नियंत्रित रखा जा सकता है। सभी आयु वर्ग के लोगों को सुबह या शाम वॉक करने की सलाह दी गई।
अंत में गिरीश दर्शे ने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि वे स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ समाज में डायबिटीज से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाएंगे। उन्होंने बताया कि पैदल चलना न केवल डायबिटीज बल्कि हृदय रोगियों के लिए भी लाभकारी है। कार्यक्रम में छोटू चौधरी, प्रभाकर पाटिल, मनोज शिम्पी, अनिल सिंघाने, कमलेश पालीवाल, सुदर्शन शर्मा, रवि पाटिल, सुभाष शर्मा, श्याम अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल और दिनेश मित्तल उपस्थित रहे।



