सेंधवा में 12 जनवरी को 10 बस्तियों में होंगे हिन्दू सम्मेलन, समितियों को सौंपे गए दायित्व
धर्म जागरण और जागरूकता अभियानों के साथ आयोजन के बाद हर बस्ती में होगा भंडारे का आयोजन

जनोदय पंच सेंधवा। आगामी 12 जनवरी को सेंधवा नगर की 10 बस्तियों में आयोजित होने वाले हिन्दू सम्मेलन को लेकर आयोजन समिति की बैठक कम्युनिटी हॉल में संपन्न हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और विभिन्न समितियों को दायित्व सौंपे गए। नगर की सभी बस्तियों में आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। हर व्यवस्था के लिए अलग-अलग टोली बनाई गई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वामी विवेकानंद हिन्दू सम्मेलन समिति के मार्गदर्शक समिति सदस्यों सहित विभिन्न बस्तियों के संचालकों की सहभागिता से प्रत्येक बस्ती में अक्षत कलश यात्रा निकाली जाएगी। बस्तियों में कार्यालय का उद्घाटन हिन्दू सम्मेलन स्थल पर भगवा ध्वज खंभा लगाकर भूमि पूजन के साथ किया जाएगा। प्रत्येक परिवार तक आयोजन की सूचना पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया है।
सभी दस बस्तियों में बैठक कर कार्य सुनिश्चित करने, बस्तीवार टोलियां बनाने और कार्य विभाजन पर चर्चा की गई। प्रत्येक टोली में 10 सदस्य रखने अथवा मोहल्ला स्तर पर कार्य बांटने का निर्णय लिया गया। 4 जनवरी तक प्रत्येक परिवार को आयोजन का आमंत्रण देने और हजारों हिन्दू समाजजन से संपर्क करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन स्थलों और घरों में रंगोली सज्जा को लेकर मातृ शक्ति की बैठक करने, आयोजन वाले दिन प्रत्येक आंगन में रंगोली बनाने, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा को भी कैलेंडर में शामिल किया गया है। बैठक में संग्रहण टोली, आमंत्रण टोली, मंच साज-सज्जा टोली, साफ-सफाई एवं स्वच्छता टोली, पार्किंग व्यवस्था टोली, भोजन निर्माण टोली, आपूर्ति टोली, परोस व्यवस्था टोली, टेंट व्यवस्था टोली, जल व्यवस्था टोली, विद्युत साउंड टोली, किराना सामान टोली, सब्जी-भाजी टोली तथा भोजन के बर्तन लाने, ले जाने और साफ कराने की टोली को दायित्व सौंपे गए।



