सेंधवा: भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर आयोजित, सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल और अजय जामवाल सहित नेताओं ने किया मार्गदर्शन
संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और सोशल मीडिया पर दिए गए सत्र

जनोदय पंच। सेंधवा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर आयोजित किया गया। शगुन गार्डन में हुए इस कार्यक्रम में सात सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, विचारधारा और विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। सेंधवा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर का आयोजन स्थानीय शगुन गार्डन में शुक्रवार को सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ। शिविर में सात सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, विचारधारा एवं विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। उक्त जानकारी भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने दी।
वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन
सुनील अग्रवाल ने बताया कि सेंधवा नगर मंडल एवं सेंधवा ग्रामीण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण महाअभियान में क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल एवं मप्र-छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री अजय जामवाल सहित सात वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश संगठन मंत्री अजय जामवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार आधारित संगठन है, जिसकी कार्यशैली अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाएं और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

गजेन्द्रसिंह पटेल का संबोधन
क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
वरिष्ठ नेता दीपक शर्मा ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन और उसके विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए संगठन के संघर्ष और उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण के बल पर ही आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण
शिविर के विभिन्न सत्रों में संगठन विस्तार पर दीपक शर्मा, बूथ प्रबंधन पर गणेश राठौड़, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग में राम सोनवाने, चुनावी रणनीति एवं सेवा कार्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विकास आर्य, भाजपा की कार्य प्रद्धति पर जितेंद्र निकुम व मोहन जोशी ने प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेंधवा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल पवार व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हुकुम पवार ने अतिथियों का स्वागत किया।



