सेंधवा शहर पुलिस की कार्रवाई, मोटरसाइकिल चोरी का वारंटी गिरफ्तार
इंदौर ग्रामीण पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जारी अभियान के तहत थाना सेंधवा शहर पुलिस की कार्रवाई

सेंधवा में स्थाई वारंट तामीली अभियान के अंतर्गत थाना सेंधवा शहर पुलिस ने एक फरार वारंटी को गिरफ्तार कर चार स्थाई वारंट तामील कराए। मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में सक्रिय अजय पिता श्यामलाल भील को सिमरोल, जिला इंदौर से गिरफ्तार किया गया।
स्थाई वारंट तामीली को लेकर विशेष अभियान
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण द्वारा स्थाई वारंट तामीली हेतु विशेष अभियान जारी किया गया है। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर के निर्देशन में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, बलात्कार, छेड़छाड़, आर्म्स तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी जैसे प्रकरणों में फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश जिले के सभी थाना प्रभारियों को दिए गए।
थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन द्वारा फरार स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देशन तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की।
चार स्थाई वारंट वाले आरोपी की गिरफ्तारी
थाना सेंधवा शहर पर दर्ज न्यायालय सेंधवा के प्रकरण क्रमांक 173/2021 धारा 379 भादवि में फरार आरोपी अजय पिता श्यामलाल भील, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम टोकरखेड़ा, थाना छैगांवमाखन जिला खण्डवा के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी था। पुलिस टीम ने जानकारी एकत्रित कर आरोपी को सिमरोल, जिला इंदौर से गिरफ्तार किया।

मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में रहा सक्रिय
आरोपी अजय पिता श्यामलाल भील का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर सामने आया कि वह वर्ष 2021 में मोटरसाइकिल चोरी के पांच अपराधों में संलिप्त रहा। उसके विरुद्ध थाना सेंधवा शहर में दो, थाना सेंधवा ग्रामीण में एक तथा थाना पलसूद में एक, कुल चार स्थाई वारंट लंबित थे। गिरफ्तारी की सूचना संबंधित थानों को दी गई।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, ASI संजय पाटीदार, कैलाश सिंह चौहान, आर.591 निरज डांगरे, आर.521 सालिकराम चौहान, प्र.आर.180 योगेश पाटील तथा आर.02 अर्जुन नरगावे, साइबर सेल बड़वानी का योगदान रहा।



