सेंधवा

सेंधवा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, 14 वर्ष की किशोरियों को सिविल अस्पताल में लगाया गया निःशुल्क एचपीवी टीका

जनोदय पंच। सेंधवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस टीकाकरण का उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव करना है, जो भारत में स्तन कैंसर के बाद कैंसर का दूसरा सबसे बड़ा रूप माना जाता है। बताया गया कि 99 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर एचपीवी वायरस के कारण होते हैं।

बीएमओ डॉ. ओएस कनेल ने बताया कि यह टीका उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष पूर्ण नहीं किया है। एक सिंगल डोज वैक्सीन को प्रभावी माना गया है। यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क है, जबकि एक डोज का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 4000 से 5000 रुपये के बीच बताया गया है।

टीकाकरण के लिए यू-वीन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इसी पोर्टल से प्रमाण पत्र भी जारी होगा। लाभार्थी स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं, वहीं वैक्सीनेशन सेंटर पर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। स्लॉट बुकिंग के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अपार आईडी, स्टूडेंट फोटो आईडी, पासपोर्ट, एमसीपी कार्ड, टीसी, पैन आईडी, राशन कार्ड, बैंक पासबुक अथवा जन्मतिथि घोषणा पत्र मान्य होंगे।

बड़वानी जिले के अंतर्गत विकासखंड सेंधवा में सिविल अस्पताल सेंधवा पर अभियान का शुभारंभ गणेश राठौड पार्षद वार्ड क्रमांक 12 द्वारा किया गया। उनकी उपस्थिति में 14 वर्षीय किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया गया। पूर्व में टीका लगवा चुकी किशोरियों को पुनः टीका नहीं लगाया जाएगा। उनकी जानकारी यू-वीन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और विश्व के लगभग 148 देशों में उपयोग किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!