सेंधवा: 70 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रैक्टर, युवक की मौके पर मौत, नए ट्रैक्टर की पूजा कर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा

जनोदय पंच। सेंधवा के मोरदड़ गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक की ट्रैक्टर हादसे में मौत हो गई। युवक नया ट्रैक्टर और कल्टीवेटर की पूजा कर घर लौट रहा था। चढ़ाई पर ट्रैक्टर असंतुलित होकर 70 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
सेंधवा के मोरदड़ गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक युवक का ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसा गांव के पास ही हुआ, जहां ट्रैक्टर करीब 70 फीट नीचे जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान
हादसे में मृत युवक की पहचान ग्राम मोरदड़ निवासी शांतिलाल (पिता नानला बारेला) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शांतिलाल ने चार दिन पहले ही खेत के काम के लिए नया ट्रैक्टर खरीदा था। इसके अलावा उसने एक दिन पहले ही नया कल्टीवेटर भी लिया था। शुक्रवार को शांतिलाल ट्रैक्टर और कल्टीवेटर की पूजा करने गांव के हनुमान मंदिर गया था। पूजा-अर्चना के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर चढ़ाई चढ़ते समय ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया और खाई में गिर गया।

मौके पर जुटे ग्रामीण और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सेंधवा ले गए। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना ग्रामीण थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



