सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा का होनहार धावक महेश सापले राष्ट्रीय मंच पर चमका, खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स में टॉप-10 में बनाई जगह

सेंधवा/बड़वानी: कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों तो रास्ते की मुश्किलें भी घुटने टेक देती हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है ग्राम पंचायत वासवी के होनहार एथलीट महेश सापले ने। महेश ने हाल ही में छत्तीसगढ़ के जगदलपुर (बस्तर) में आयोजित प्रतिष्ठित ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ (30 मार्च से 2 अप्रैल 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के टॉप 10 धावकों में अपनी जगह बनाई है।
जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी ने दी बधाई, उठाई सुविधाओं की मांग:
मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद (युवा प्रभाग) के जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी ने महेश की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है। श्री सोलंकी ने कहा कि, “महेश जैसे प्रतिभावान खिलाड़ी हमारे समाज और क्षेत्र का असली गौरव हैं। बड़े ही दुख की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले इस खिलाड़ी के पास अभ्यास के लिए कोई खेल मैदान तक उपलब्ध नहीं है। महेश आज भी गांव की सड़कों पर दौड़कर अपनी प्रैक्टिस करते हैं।”


​संघर्ष से सफलता का सफर:
महेश सापले ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 1500 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया था, जिसके बाद उनका चयन नेशनल के लिए हुआ। झारखंड के रांची में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छठा स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स के लिए क्वालीफाई किया और अब जगदलपुर में देश के टॉप खिलाड़ियों के बीच 10वां स्थान प्राप्त किया।
​शासन-प्रशासन से सहयोग की अपील:
जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी ने शासन-प्रशासन और खेल विभाग से मांग की है कि महेश की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित खेल किट, डाइट और बेहतर प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि सुविधाओं के अभाव में कोई और प्रतिभा दम न तोड़े।
महेश सापले का संकल्प:
महेश का कहना है, “मेरा सपना देश के लिए मेडल जीतना है। अगर मुझे सही ट्रेनिंग और ग्राउंड की सुविधा मिले, तो मैं निश्चित ही स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करूँगा।” क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों ने महेश की इस उपलब्धि पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!