सेंधवा ग्राम सोलवन में कोलकी निवासी युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सेंधवा। क्षेत्र के ग्राम सोलवन में रविवार को कोलकी निवासी मुन्ना पिता हीरालाल (45) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक के सिर और नाक से खून निकला हुआ था, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्ना सोमवार को ग्राम सोलवन में आयोजित जतरा में गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव ग्राम सोलवन में आयोजित जतरा कार्यक्रम स्थल के पास मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही वरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। ग्राम कोलकी पटेल और सरपंच प्रतिनिधि अटल बिहारी आर्य ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या की गई है। दोषियों को पकड कर न्याय दिलाया जाए। वरला टीआई नारायण रावल ने दूरभाष पर बताया कि युवक के नाक और कान से खून निकलने की स्थिति सामने आई है, हालांकि शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जतरा स्थल, मृतक के अंतिम संपर्क और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। ग्राम पटेल अटल बिहारी आर्य ने बताया कि मृतक ग्राम में अकेला रहता था। लकड़ी बेच कर जीवन यापन करता था।



