सेंधवा में धुलेंडी पर रंगों की फुहार, ग्रामीण अंचलों से शहर तक रंग, गुलाल और भाईचारे का उमड़ा सैलाब
तिथियों के असमंजस और 3 मार्च के ग्रहण के चलते मुख्य रूप से 4 मार्च को मनाया गया रंगोत्सव

जनोदय पंच। सेंधवा।सेंधवा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धुलेंडी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। तिथियों को लेकर बने संशय और 3 मार्च के ग्रहण के कारण मुख्य आयोजन 4 मार्च को हुआ। बाजारों में रौनक रही और विभिन्न समाजों ने परंपरा अनुसार रंगोत्सव मनाया।

सेंधवा शहर और ग्रामीण अंचलों में रंगों का पर्व धुलेंडी उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। 2 मार्च को होलिका दहन के बाद 3 मार्च को ग्रहण होने से धुलेंडी की तिथि को लेकर संशय की स्थिति बनी रही। इसके चलते मुख्य रूप से 4 मार्च को पर्व मनाया गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज गईं। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए सेंधवा पहुंचे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने गुलाल और रंगों से होली का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया। गली-मोहल्लों में सुबह से रंगों की धूम रही और बच्चे एक-दूसरे पर रंग डालते नजर आए।

समाजों ने निभाई परंपरा, अग्रवाल कालोनी में विशेष आयोजन
3 मार्च को कुछ समाजों ने धुलंडी मनाते हुए रंग खेला। अग्रवाल समाज के सुनील अग्रवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज, ब्राह्मण समाज व सोनी समाज ने गमी परिवार के घर पहुंचकर होली का रंग डाला और धुलंडी मनाई। 4 मार्च, बुधवार को अग्रवाल कालोनी में धुलंडी पर रंगों की छटा देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों ने एकत्रित होकर पूरे उत्साह से होली खेली। सुबह से ही कालोनी में ढोल की थाप और रंग-बिरंगे गुलाल की खुशबू से वातावरण रंगमय हो गया।
महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं, जबकि बच्चों ने पिचकारी और रंगों के साथ मस्ती की। हंसी-ठिठोली, गीत-संगीत और रंगों की बौछार ने माहौल को जीवंत बना दिया। महिलाओं ने पारंपरिक होली गीत गाए और मिठाई बांटकर खुशियां साझा कीं। कालोनीवासियों ने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर निकिता अग्रवाल, रिमझिम अग्रवाल, पूजा शर्मा, मोनिका अग्रवाल, स्वाति गोयल, वैशाली कानूनगो, अंकिता चोमूवाला, अंतिम खले, अदिति अग्रवाल, पलक अग्रवाल, कुंज अग्रवाल, अनुश्री चौमूवाला, काव्या अग्रवाल, राध्या गोयल, राघवी गोयल, खुबी अग्रवाल, ग्रंथ चौमूवाला, धीमाही चौमूवाला, तिशा चोमूवाला, लविश शर्मा ने होली खेलकर एकता और सद्भावना का संदेश दिया।



