सेंधवा: भोंगर्या हाट की शुरुआत धनोरा से, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
होली और रमजान से पहले शांति समिति की बैठक, बैरिकेडिंग व प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध

जनोदय पंच। सेंधवा में आदिवासी समाज का पारंपरिक उत्सव भोंगर्या हाट बुधवार से धनोरा में शुरू होगा। होली से पूर्व एक सप्ताह तक विभिन्न स्थानों पर हाट लगेगा। पुलिस प्रशासन ने शांति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है और बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
धनोरा से होगी भोंगर्या हाट की शुरुआत
सेंधवा क्षेत्र में आदिवासी समाज का पारंपरिक उत्सव भोंगर्या हाट बुधवार से प्रारंभ होगा। इसकी पहली कड़ी धनोरा में आयोजित की जाएगी। होली से पहले एक सप्ताह तक अलग-अलग स्थानों पर हाट का आयोजन होगा। उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है और सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय
भोंगर्या हाट, होली, रमजान और ईद के मद्देनजर ग्रामीण थाना पुलिस ने धनोरा के ग्राम पंचायत भवन में शांति समिति और रक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की। ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी चौंगडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में होलिका दहन, हाट व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा हुई। बैठक में चौकी प्रभारी केशव यादव, एएसआई राकेश मंडलोई, आरक्षक पंकज पुरोहित, नीरज, सरपंच प्रतिनिधि जगन मेहता, सचिव, गांव पटेल, सदर, वरिष्ठ नागरिक और ग्राम रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। निर्णय लिया गया कि हाट के दिन गांव के प्रवेश मार्गों पर बाहरी क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की जाएगी। दोपहर 12 बजे के बाद सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को अनुमति दी जाएगी। ग्राम पंचायत द्वारा दुकानों के लिए दो दिन पूर्व से चूने से लाइनिंग की जाएगी तथा दुकानों को निर्धारित स्थान पर सड़क से अंदर लगाना अनिवार्य होगा।
सुरक्षा प्रबंध और झूलों का निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल, ग्राम रक्षा समिति और स्वयंसेवकों की टीम तैनात रहेगी। झूला स्थल पर अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। थाना प्रभारी ओपी चौंगडे ने हुड़दंग या छेड़छाड़ की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की और सभी से भोंगर्या हाट व होली को आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाने का आग्रह किया। बैठक के बाद झूलों का निरीक्षण कर संचालकों को तकनीकी जांच के बाद ही संचालन, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और विवाद से बचने के निर्देश दिए गए।



