पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा थाना वरला का आकस्मिक निरीक्षण

जनोदय पंच। सेंधवा। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले के समस्त थानों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना वरला का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना स्टाफ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूर्ण जानकारी रखने, आमजन से विनम्र व्यवहार करने एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
साथ ही, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस में समस्त कार्यवाही समय पर अपलोड करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर के बंदीगृह, मालखाना, विवेचना कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली गई, जिस पर किसी प्रकार की समस्या होना नहीं बताया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, थाना प्रभारी वरला नारायण रावल सहित थाना वरला का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



