सेंधवा में मौसम ने बदला मिजाज, आंधी-बारिश से हाट बाजार प्रभावित, उड़े तंबू, दुकानदारों को नुकसान
दोपहर बाद बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया, मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की

जनोदय पंच।रविवार को सेंधवा में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप और उमस के बीच बादल छाए और आंधी-बारिश हुई। हाट बाजार में दुकानदार प्रभावित हुए। बारिश से गर्मी से राहत मिली, जबकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बदलाव की चेतावनी दी।
सेंधवा में रविवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप और उमस बनी रही, लेकिन दोपहर करीब 3:30 बजे आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शाम लगभग 4 बजे तेज हवा, आंधी और बिजली की गरज के साथ करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया।
हाट बाजार में दुकानदारों को परेशानी
तेज बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर किला परिसर में लगे रविवार हाट बाजार में देखने को मिला। तेज हवा के कारण दुकानों के तंबू उड़ गए, जिससे दुकानदारों को परेशानी हुई। अचानक मौसम बदलने से कई दुकानदारों को जल्दबाजी में अपना सामान समेटना पड़ा।

सड़कों पर बहा पानी, गर्मी से मिली राहत
बारिश इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में सड़कों पर पानी बहने लगा। हालांकि, इस बारिश से लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया।

हवा की रफ्तार और तापमान का असर
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। अचानक हुए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।

चेतावनी
बड़वानी जिला कृषि मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के ऊपर बने चक्रवात और कम दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर जिले में 31 मार्च से 3 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ हल्की या तेज बारिश की संभावना जताई गई है।



