बड़वाह। निर्मल विद्यापीठ में “डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इनोवेशन लैब” का हुआ भव्य उद्घाटन….विद्यालय भविष्य की शिक्षा की ओर उठाएगा सशक्त कदम….

कपिल वर्मा बड़वाह। इंदौर रोड़ स्थित निर्मल विद्यापीठ विद्यायल में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इनोवेशन लैब” का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ।
इस लैब के अंतर्गत रोबोटिक्स लैब, AI कोडिंग लैब एवं लैंग्वेज लैब (English Spoken & Verbal Communication) की शुरुआत की गई, जो क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा का एक नया अध्याय स्थापित करती है।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने ह्यूमनॉइड रोबोट से संवाद कर जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे और उनके उत्तर प्राप्त किए, जिससे उनमें विज्ञान एवं तकनीक के प्रति गहरी रुचि विकसित हुई। यह अनुभव बच्चों के लिए अत्यंत रोचक एवं प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर इंदौर से आमंत्रित रोबोटिक्स प्रशिक्षकों ने विभिन्न आधुनिक मॉडल्स का प्रदर्शन करते हुए उनके निर्माण की विधियां समझाईं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया।
विद्यालय के संचालक प्रतीक जैन ने कहा कि “निर्मल विद्यापीठ सदैव शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह इनोवेशन लैब विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार बनाएगी।”
वहीं प्राचार्य आशीष झा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस लैब के माध्यम से हम विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि उन्हें व्यावहारिक, तकनीकी और संप्रेषण कौशल में भी दक्ष बनाएंगे।”
भविष्य में इन लैब्स का व्यापक उपयोग
रोबोटिक्स लैब ——— इस लैब में विद्यार्थियों को रोबोट डिजाइन, प्रोग्रामिंग एवं ऑटोमेशन की गहन जानकारी दी जाएगी। वे स्वयं रोबोट बनाना, सेंसर का उपयोग करना तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं का तकनीकी समाधान तैयार करना सीखेंगे। इससे उनमें तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की भावना विकसित होगी।
AI कोडिंग लैब ——– यह लैब विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग एवं कोडिंग की मूलभूत से उन्नत जानकारी प्रदान करेगी। बच्चे डेटा एनालिसिस, एप डेवलपमेंट एवं स्मार्ट सिस्टम्स बनाना सीखेंगे, जिससे वे भविष्य की डिजिटल दुनिया में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
लैंग्वेज लैब (English Spoken & Verbal Communication) ——– इस लैब में विद्यार्थियों के उच्चारण, शब्द भंडार, संवाद कौशल एवं आत्मविश्वास को विकसित किया जाएगा। आधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीकों के माध्यम से बच्चों को प्रभावी अंग्रेज़ी बोलना, सुनना और समझना सिखाया जाएगा, जो उनके करियर और व्यक्तित्व विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
निर्मल विद्यापीठ की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा को नई दिशा देने वाली सिद्ध होगी। यह न केवल विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगी, बल्कि उन्हें एक जागरूक, आत्मविश्वासी एवं नवाचारी नागरिक के रूप में विकसित करेगी।



