बड़वानी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर बवाल, कांग्रेस ने किया पुतला दहन
महिला कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन और चप्पल प्रहार से जताया विरोध

बड़वानी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान के खिलाफ कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया। पुतला दहन के साथ महिला कार्यकर्ताओं ने चप्पलें मारकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल उठे।
पुतला दहन और चप्पल प्रहार से जताया आक्रोश
बड़वानी जिला कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने रविवार को जिला मुख्यालय पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शाजापुर में दिए गए बयान के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुराना कलेक्टर कार्यालय के सामने एकजुट होकर मंत्री का पुतला दहन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने पुतले पर चप्पलें मारकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम पर चूड़ियां भेंट कीं।
पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान जब पुतला जलाने की कोशिश की गई, तब मौके पर मौजूद पुलिस बल ने रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पुतले को आसानी से जलने दिया। इस बीच एसआई रवींद्र कन्नौज मुस्कुराते नजर आए, जिससे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे।
कांग्रेस नेताओं का बयान और चेतावनी
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभद्रा परमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी और बड़वानी विधायक राजन मंडलोई के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ। नानेश चौधरी ने मंत्री विजयवर्गीय से सार्वजनिक माफी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ कर रही है।
राजन मंडलोई ने विजयवर्गीय के बयान को बेहद शर्मनाक और घटिया राजनीति का उदाहरण बताते हुए भाजपा पर वोट चोरी कर सत्ता हासिल करने का भी आरोप लगाया।
विजयवर्गीय का विवादित बयान
शाजापुर में दिए गए भाषण में कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि पुराने समय में लोग अपनी बहनों के गांव का पानी तक नहीं पीते थे, लेकिन आज विपक्ष के नेता अपनी बहन को चौराहे पर चुंबन करते हैं। इसी बयान पर कांग्रेस का आक्रोश भड़क उठा। नानेश चौधरी ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री माफी नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा।