खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
खरगोन: नो नेटवर्क एरिया में चल रही थी गांजे की खेती, 1.5 करोड़ के 5900 पौधे जब्त; 2 आरोपी हिरासत में

खरगोन। दिनेश गीते। खरगोन जिले में महाराष्ट्र सीमा से लगे चैनपुर क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार सुबह गांजे की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया। ऑपरेशन “प्रहार” के तहत दो अलग-अलग स्थानों से लगभग 1.5 करोड़ रुपए कीमत के 5900 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई सेन्द्रीयाघाटी गुवाडा और तिखली बैडी पीडी जामली में की गई, जो दोनों ही इलाके “नो मोबाइल नेटवर्क एरिया” में आते हैं। पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के अनुसार, दो नालों के बीच स्थित खेतों में अवैध खेती की जा रही थी और नाले के पानी से गांजे की फसल तैयार की जा रही थी।
पहली कार्रवाई सेन्द्रीयाघाटी गुवाडा में जुवानसिंग पिता पहाड़सिंग रंधावे के खेत में हुई, जहां से 28.11 क्विंटल वजनी 5500 पौधे मिले, जिनकी कीमत 1 करोड़ 40 लाख 55 हजार आंकी गई। दूसरी कार्रवाई तिखली बैडी पीडी जामली में मागीलाल पिता टेटला किराड़े के खेत में हुई, जहां से 168 किलो 840 ग्राम वजनी 400 पौधे जब्त किए गए, जिनकी कीमत 8 लाख 49 हजार 200 बताई गई।
पौधे उखाड़ने के लिए 10 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम को लगाया गया और पूरी कार्रवाई में करीब 4 घंटे लगे।



