खरगोन-बड़वानी
बड़वानी; भक्ति और सेवा का संगम आज कुन्दकेश्वर धाम में भव्य भंडारा श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

जनोदय पंच। बड़वानी। कुंदन नगर स्थित श्री कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा का आज भव्य भंडारे के साथ श्रद्धाभावपूर्ण समापन हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूर्णाहुति एवं महाआरती के पश्चात महाप्रसादी वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
भंडारे के दौरान पूरे परिसर में “हर हर महादेव” और “नर्मदे हर” के जयघोष गूंजते रहे। समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर व्यवस्थाएं संभालीं और आने वाले प्रत्येक भक्त को सम्मानपूर्वक प्रसादी वितरित की। आयोजन में महिला एवं युवा सदस्यों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली।

कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर समिति के सदस्य विशाल निहाले (Ideal) ने बताया कि कथा और भंडारे का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता, एकता और सेवा भाव को बढ़ावा देना है। श्रद्धालुओं के उत्साह और सहयोग से आज का भंडारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन में कान्हा सोलंकी, अनिल चौहान, अतुल कमल, विशाल निगवाल, प्रमिला निगवाल (बुआ जी), रंजना सोलंकी, ललिता नागर, रमती तड़वाल सहित समस्त कुन्दकेश्वर महादेव मंदिर समिति सदस्यों का विशेष योगदान रहा।




