खरगोन: बड़वाह में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला संचालक और पुरुष गिरफ्तार
डालुका मार्केट स्थित किराए के कमरे से नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त

खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के ठिकाने पर दबिश देकर महिला संचालक और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डालुका मार्केट स्थित किराए के कमरे में मुखबिर की सूचना पर की गई। मौके से नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुखबिर सूचना पर दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में बड़वाह थाना पुलिस ने कार्रवाई की। 18 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि डालुका मार्केट में किराए के कमरे में अनैतिक देह व्यापार संचालित हो रहा है।

मौके से महिला संचालक और पुरुष गिरफ्तार
थाना प्रभारी बड़वाह निरीक्षक बलरामसिंह राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ दबिश दी। मौके पर सनावद निवासी महिला संचालक, पश्चिम बंगाल से आई दो महिलाएं और बेड़िया निवासी एक पुरुष आपत्तिजनक अवस्था में मिले।
कानूनी कार्रवाई और जप्ती
पूछताछ में पुष्टि हुई कि बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर नकदी, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री जप्त की।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के मार्गदर्शन में निरीक्षक बलरामसिंह राठौर, उप निरीक्षक रेणूका राठौर, सह उप निरीक्षक शिवप्रसाद वर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार यादव, महिला आरक्षक अन्नपूर्णा तिवारी, नर्मदा यादव और आरक्षक दीपक तोमर का विशेष योगदान रहा।



