खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे
बड़वानी में झाड़ियों के पास मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी
राजघाट रोड स्थित साईं बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल के समीप झाड़ियों में मिला नवजात, आसपास के अस्पतालों से जुटाई जा रही जानकारी।

जनोदय पंच। बड़वानी। शहर के राजघाट रोड क्षेत्र स्थित साईं बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे के दौरान झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नवजात को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शी फिरोज ने बताया कि वह चाय पीने जा रहे थे, तभी एक बच्चे ने उन्हें झाड़ियों के पास नवजात शिशु के शव के बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर नवजात शिशु मृत अवस्था में पड़ा मिला।
पूरे विकसित अंग, दो-तीन दिन पूर्व जन्म की आशंका
नवजात शिशु के सभी अंग पूरी तरह विकसित पाए गए, जिससे प्रतीत होता है कि उसका जन्म पूरे समय पर हुआ था। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि नवजात का जन्म दो से तीन दिन पहले हुआ होगा।
पुलिस आसपास के अस्पतालों से जुटा रही जानकारी
शहर कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि पुलिस आसपास के अस्पतालों से जानकारी एकत्र कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



