सेंधवा के गेरूघाटी में आदिवासी अधिकार सम्मेलन, जीतू पटवारी और उमंग सिंगार होंगे शामिल

सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की वरला तहसील के दूरस्थ वन क्षेत्र गेरूघाटी में बुधवार को आदिवासी अधिकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार शामिल होंगे। कांग्रेस के दोनों प्रदेश स्तरीय नेताओं के दौरा कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
विधायक प्रतिनिधि अमरदीप चौहान ने बताया कि सम्मेलन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गेरूघाटी गांव के कालीकुंड रोड पर जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जहां पंडाल निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक और आयोजन स्तर पर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि सम्मेलन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार दोपहर 12 बजे गेरूघाटी पहुंचकर टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे विधायक जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा। यहां से दोनों नेता दोपहर 1:30 बजे सभा स्थल पहुंचकर आदिवासी अधिकार सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे आदिवासियों और किसानों की समस्याओं पर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
विधायक मोंटू सोलंकी ने बताया कि यह सम्मेलन वर्षों से उपेक्षित वरला तहसील के आदिवासी समाज को उनके संवैधानिक अधिकार, सम्मान और समान विकास दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सम्मेलन में वन अधिकार अधिनियम के तहत 8 हजार से अधिक लंबित वन अधिकार पट्टों का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा। इसके साथ ही नर्मदा जल योजना का सीमित लाभ, किसानों को उचित मूल्य, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, बेरोजगारी, पलायन और मनरेगा मजदूरी भुगतान जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। सम्मेलन में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है।



