इंदौरअपराधमुख्य खबरे

इंदौर में सोशल मीडिया की दोस्ती के बाद 630 ग्राम सोना चोरी, लसूड़िया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सोने के बिस्किट, चेन, आईफोन और नकदी सहित करीब 1.10 करोड़ रुपये का माल जब्त, अन्य बरामदगी के प्रयास जारी

जनोदय पंच। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद सोने के बिस्किट चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 630 ग्राम सोने के बिस्किट चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोना, आईफोन और नकदी सहित करीब 1.10 करोड़ रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सितंबर माह में फरियादिया ने अपने सोने के बिस्किट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया की सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान के जोधपुर निवासी करीब 25 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे।

इसी दौरान फरियादिया को संदेह हुआ कि उसकी अनुपस्थिति में आरोपी सोना चोरी कर ले गया है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद लसूड़िया पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सोना, आईफोन और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 630 ग्राम सोने के बिस्किट, 40 ग्राम की सोने की चेन, एक एप्पल आईफोन-17 और दो लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद माल की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये है। मामले में अन्य संभावित बरामदगी के लिए भी पुलिस जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती से पहले पहचान की जांच की अपील

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी से दोस्ती करने से पहले उसकी वास्तविक पहचान और पृष्ठभूमि की जांच जरूर करें। जल्दबाजी में किसी पर भरोसा करने से बचें, क्योंकि ऑनलाइन संपर्क के जरिए धोखाधड़ी और अपराध का शिकार होने की आशंका रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!