सेंधवा: भाजपा का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, कार्यकर्ताओं ने जताई निष्ठा
भाजपा का 47वां स्थापना दिवस, संगठन मजबूती और जनसेवा का आह्वान

जनोदय पंच | सेंधवा सेंधवा में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस नगर पालिका जनसंपर्क कार्यालय में मनाया गया। ध्वज पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नेताओं ने पार्टी के इतिहास, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प पर जोर दिया।
सेंधवा में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को दोपहर 11 बजे नगर पालिका जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव द्वारा पार्टी ध्वज के पूजन से हुई। उन्होंने ध्वज पर पुष्पमाला अर्पित कर नमन किया, जिसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

पार्टी के इतिहास पर प्रकाश
स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्ष, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी के गठन और पहले राष्ट्रीय अधिवेशन के समय अंतरसिंह आर्य, एस. वीरा स्वामी और सुरेश गर्ग जैसे वरिष्ठ नेताओं ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अधिवेशन में भाग लिया। उस समय संसाधनों की कमी के चलते कार्यकर्ता ट्रक में रेत भरकर उस पर गादी डालकर यात्रा करते हुए अधिवेशन में पहुंचे थे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता विकास आर्य ने कहा कि पार्टी आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा है और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर योजनाओं को पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यकर्ताओं से एकजुटता का आह्वान
नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के कारण ही पार्टी निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर नगर विकास और जनसेवा में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर एस. वीरा स्वामी, संजय यादव, राहुल पवार, लक्ष्मी शर्मा, लता पटेल, छोटू चौधरी, विवेक छाबड़ा, गणेश राठौड़, ज्योत्सना दीवान, नंदा गुर्जर, किरण चौहान, प्रिया पवार, रामेश्वर पालीवाल, विवेक तिवारी, सुनील शर्मा, सुनील भिंडा, सचिन नाथ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ।



