इंदौरमुख्य खबरे

इंदौर के धरमपुर में मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ी

19 बच्चे अस्पताल में भर्ती, चार को आईसीयू में रखा गया, हालत स्थिर

इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र के धरमपुर में मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। 19 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें चार आईसीयू में रहे। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत स्थिर है।

घटना ग्राम सिंहाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय की है। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्चों को मिड-डे मील के तहत कढ़ी-चावल परोसे गए थे। भोजन करने के कुछ देर बाद कई बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की।

एक साथ कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद बच्चों को उपचार के लिए इंदौर के अरविंदों अस्पताल लाया गया। यहां 19 बच्चों को भर्ती किया गया, जबकि चार बच्चों को आईसीयू में रखा गया।

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है। सभी बच्चों को करीब सात घंटे निगरानी में रखा गया। डॉक्टरों ने बताया कि एक बच्ची को तीन दिन से बुखार भी था। देर शाम तक बच्चों को डिस्चार्ज करने की तैयारी की जा रही थी।

एक साथ बच्चों के बीमार होने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी वजह भोजन की गुणवत्ता थी या कोई अन्य कारण, यह अभी स्पष्ट नहीं है। भोजन के सैंपल और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। भोजन कहां तैयार हुआ, स्कूल तक कैसे पहुंचा और परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता जांची गई थी या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल बच्चों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!